जमशेदपुर: टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन के अध्यक्ष गुरमीत सिंह और महामंत्री आरके सिंह ने हाल ही में मुंबई में टाटा संस के चेयरमैन एन चंद्रशेखरन से शिष्टाचार मुलाकात की। यह मुलाकात विशेष रूप से स्वर्गीय रतन टाटा के जन्मदिवस के मौके पर हुई, जब इन दोनों नेताओं को मुंबई मुख्यालय से कार्यक्रम में शामिल होने के लिए आमंत्रित किया गया था।
मुलाकात के दौरान, गुरमीत सिंह और आरके सिंह ने एन चंद्रशेखरन के साथ साथ अन्य वरीय अधिकारियों से भी मुलाकात की और अपनी संस्था और कर्मचारियों से संबंधित विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की।
इस मुलाकात को लेकर गुरमीत सिंह और आरके सिंह ने कहा कि टाटा ग्रुप के उच्च अधिकारियों के साथ यह बैठक उनके लिए सम्मान की बात है। उन्होंने टाटा मोटर्स के कर्मचारियों की भलाई और संस्थान के विकास के लिए एक साथ काम करने के अपने संकल्प को दोहराया।
टाटा समूह के प्रति अपने विश्वास और समर्पण को जताते हुए, यूनियन के नेताओं ने कहा कि भविष्य में भी वे टाटा के आदर्शों और कार्यशैली के अनुरूप कार्य करेंगे, ताकि कर्मचारियों का हित और कंपनी का विकास सुनिश्चित हो सके।
यह मुलाकात टाटा मोटर्स वर्कर्स यूनियन और टाटा संस के बीच सामंजस्यपूर्ण संबंधों को और मजबूती देने के रूप में देखी जा रही है।



