चाईबासा में गृह मंत्री अमित शाह ने विजय संकल्प महारैली में भरी हुंकार, हेमंत सरकार को बताया आदिवासी विरोधी

चाईबासा: शुक्रवार को गृह मंत्री अमित शाह झारखंड दौरे पर पहुंचे थे, जहां आज उन्होंने चाईबासा के टाटा कॉलेज में विजय संकल्प महौरली को संबोधित किया. इस दौरान उन्होंने झारखंड की हेमंत सरकार पर जमकर हमला बोला और उन्हें आदिवासी विरोधी बताया. उन्होंने रैली को संबोधित करते हुए कहा कि इस राज्य का मुख्यमंत्री आदिवासी है लेकिन यह आदिवासी विरोधी सरकार है.

केंद्रीय गृह सह सहकारिता मंत्री अमित शाह ने कहा कि यहां झारखंडवासियों का राज्य में बदलाव के लिए आह्वान करते हुए वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव अभियान की विधिवत शुरुआत की. गृहमंत्री अमित शाह ने स्थानीय टाटा कॉलेज मैदान में आयोजित विजय संकल्प रैली में क्षेत्र के लोगों की भीड़ को संबोधित करते हुए उन्हें केंद्र सरकार की उपलब्धियां गिनाते हुए उसकी तुलना में राज्य की हेमंत सरकार पर जोरदार हमला बोला. 
उन्होंने हेमंत सोरेन सरकार पर भाजपा शासन में शुरू हुए विकास कार्यों पर ब्रेक लगाते हुए राज्य को भ्रष्टाचारियों एवं दलालों के हवाले कर देने का आरोप लगाया. राज्य सरकार द्वारा घोषित 1932 के खतियान आधारित स्थानीयता नीति को राज्य की आदिवासी जनता के साथ धोखा बताया. 

उन्होंने कहा कि कोल्हान क्षेत्र में वर्ष 1964 में बंदोबस्ती हुई थी और राज्य सरकार 1932 के खतियान को आधार बना रही है. उन्होंने सवाल किया कि ऐसे में पश्चिम सिंहभूम जिला और चाईबासा के लोगों को नौकरियां कैसे मिलेंगी. उन्होंने आदिवासी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन को आदिवासी विरोधी करार देते हुए झारखंडवासियों का राज्य की सत्ता बदलने के लिए आह्वान किया. उन्होंने कहा कि झारखंड की जनता अब सबकुछ समझ रही है और राज्य के आदिवासी अपने साथ किये जा रहे छल के लिए उन्हें माफ नहीं करेंगे. उन्होंने उपस्थित भीड़ से ही राज्य में सरकार बदलने का हामी भरवाते हुए आगामी लोकसभा चुनावों के लिए माहौल बनाने का प्रयास किया.

इससे पूर्व उन्होंने चाईबासा में पार्टी की कोर कमेटी के साथ बैठक भी की, जिसमें संगठनात्मक सहित अनेक मुद्दों पर चर्चा हुई. आगामी लोकसभा चुनावों के मद्देनजर पार्टी का अभियान शुरू करने के उद्देश्य से आयोजित विजय संकल्प रैली को केंद्रीय मंत्री अर्जुन मुंडा, पूर्व मुख्यमंत्री सह राज्य में विपक्ष के नेता बाबूलाल मरांडी एवं पूर्व मुख्यमंत्री सह पार्टी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष रघुवर दास व पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष दीपक प्रकाश के साथ ही अन्य नेताओं ने भी संबोधित किया. मंच पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, पलामू के सांसद बीडी राम, रांची के सांसद संजय सेठ, चतरा के सांसद सुनील सिंह, राज्यसभा सांसद समीर उरांव, दुमका के सांसद सुनील सोरेन, पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिनेशानंद गोस्वामी समेत अन्य नेता मौजूद रहे. 

खबरें और भी हैं...

Whatsapp