जमशेदपुर (राजीव कुमार): प्रशासन द्वारा गत दिनों आधी रात को भाजपा नेता विकास सिंह के घर पर छापामारी करने और उनकी गैर मौजूदगी में उनके परिवारजनों से अमर्यादित आचरण करने पर शहर के भाजपा कार्यकर्ता आक्रोशित हैं.
शनिवार को इस मामले को लेकर भाजपा जमशेदपुर महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव के नेतृत्व में जिला पदाधिकारी एवं मोर्चा जिलाध्यक्षों के प्रतिनिधमंडल ने जिला उपायुक्त से मुलाकात की. इस दौरान महानगर अध्यक्ष गुंजन यादव ने जिला उपायुक्त को घटनाक्रम की पूरी जानकारी देकर ध्यान आकृष्ट कराते हुए मानगो थाना प्रभारी द्वारा विकास सिंह के घर पर आधी रात को भारी-भरकम पुलिस बल के द्वारा छापेमारी करने एवं गिरफ्तारी के लिए जिला पुलिस के आचरण पर कड़ी आपत्ति जताई.
उन्होंने कहा कि विकास सिंह पार्टी के वरीय नेता हैं. राजनीतिक कार्यों के अतिरिक्त उनकी भागीदारी सामाजिक व धार्मिक कार्यों में समान रूप से रहती है. प्रतिदिन वे सामाजिक व राजनीतिक कार्यों से प्रशासन व समाज के संपर्क में रहते हैं. परंतु किसी राजनीतिक दबाव में एक नामचीन सामाजिक कार्यकर्ता के प्रति ऐसे तरीके का भाजपा जमशेदपुर महानगर इसका पुरजोर विरोध करती है.



