जमशेदपुर : झारखंड यूरोलाजी सोसाइटी का 5वां वार्षिक कांफ्रेंस इस बार जमशेदपुर में होने जा रहा है। उक्त जानकारी बुधवार को सोसाइटी के पदाधिकारियों ने एक संवाददाता सम्मेलन आयोजित कर दी। आयोजन समिति के सचिव डा. संजय जौहरी ने कहा कि शहर में दूसरी बार यह कांफ्रेंस होने जा रहा है। इसमें देशभर से करीब 80 विशेषज्ञ चिकित्सक भाग लेंगे। वहीं, हैदराबाद से डा. चंद्रमोहन, पूणे से डा. पंकज जोशी, कोलकाता से डा. अमित घोष व मुंबई से डा. संजय आएंगे, जो न सिर्फ देश में बल्कि विश्व में भी इनकी पहचान है। ये विशेषज्ञ अलग-अलग देशों में इलाज करने के साथ-साथ अपना अनुभव साझा करने जाते हैं। अब जमशेदपुर में भी आ रहे हैं। ये डाक्टर ट्रांसजेंडर सर्जरी, कैंसर के गंभीर सर्जरी सहित अन्य विषयों पर अपना अनुभव साझा सकेंगे। इससे झारखंड के
चिकित्सकों को काफी कुछ सीखने को मिलेगा। उक्त कांफ्रेंस गोलमुरी स्थित ताज विवांता होटल में 20 व 21 जुलाई को रखा गया है। डा. संजय जौहरी ने कहा कि
चिकित्सा के क्षेत्र में क्रांतिकारी बदलाव हुआ है। पहले सर्जरी काट कर किया जाता था। उसके बाद छेद कर और अब बिना छेद किए हुए सर्जरी हो रहा है। डा. संजय
जौहरी ने कहा कि आरआइआरएस (रेट्रोग्रेड इंट्रारेनल) एक विशेष लेजर पद्धति है, जिसके माध्यम से बिना काट-छांट, बिना छेद, बिना खून का सफल आपरेशन संभव
हो सका है। संवाददाता सम्मेलन में डा. संजय जौहरी, डा. चंपई सोरन, डा. अंशु अग्रवाल व डा. हिमांशु शेखर उपस्थित थे।



