पोटका: संवैधानिक मूल्यों एवं वैज्ञानिक सोच को बढ़ावा देने हेतु संविधान यात्रा की शुरूआत हुई पोटका क्षेत्र के बड़ा सिगदी स्थित पर्यावरण चेतना केन्द्र से

 जमशेदपुर : 26 नवंबर को संविधान दिवस के उपलक्ष्य में इस दिवस को मनाने और संवैधानिक मूल्यों और वैज्ञानिक सोच के प्रसार के लिए छह दिवसीय विशेष अभियान के तहत आज 21 नवंबर को पोटका क्षेत्र के हेंसलबिल पंचायत अंतर्गत बड़ा सिगदी गांव स्थित पर्यावरण चेतना केन्द्र के सहयोग से आरम्भ युवा मंच के तत्वावधान में संविधान यात्रा की शुरूआत की गई।
सुबह दस बजे से शाम चार बजे तक इस यात्रा के दौरान घुमंतू पुस्तकालय, मोबाइल सिनेमा, पोस्टर प्रदर्शनी और संवाद सत्र का आयोजन किया गया। इसमें इलाके के युवाओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और छात्र छात्राओं ने अपनी उपस्थिति दर्ज कराई। 


लोगों ने स्टॉल पर लगी विभिन्न पुस्तकों की देखा और अध्ययन किया।
इस दौरान कुछ वीडियो डॉक्यूमेंट्री फिल्में दिखाई गईं, जिनमें व्यक्ति, समाज और जीवन मूल्यों की सूक्ष्मता से चित्रण किया गया है।
परिसर में विभिन्न विषयों को लेकर पोस्टर लगाए गए, जिनमें सौर मंडल और जीव की उत्पत्ति खासकर मानव की उत्पत्ति से लेकर वर्तमान दुनिया के विकास क्रम का चित्रण किया गया है। वैज्ञानिक चेतना की आवश्यकता और इसके महत्व पर प्रकाश डाला गया।
अंत में विशेष रूप से उपस्थित लोगों के साथ एक "संवाद सत्र" चला, जिसमें सांवैधानिक मूल्यों की चर्चा करते हुए एक नागरिक को संविधान प्रदत्त अधिकारों को गहराई से समझने का प्रयास किया गया।

उपस्थिति

कार्यक्रम में विशेष रूप से पर्यावरण चेतना केन्द्र, बड़ा सिगदी के संस्थापक सिद्धेश्वर सरदार,  उज्ज्वल कुमार मंडल, माणिक सरदार, सुरेश भूमिज, अर्जुन सरदार, रामेश्वर सरदार, हरिश्चंद्र सिंह भूमिज, गौरी सरदार, जोबा टुडू, सावित्री, लखींदर सरदार, महेन्द्र सरदार, अनीशा सरदार, अमृता सरदार, दीपिका सरदार, उर्मिला भूमिज, जयपाल सिंह सरदार, शत्रुघन सरदार, दर्जनों छात्र-छात्राओं समेत आयोजन समिति के विकास कुमार, अंकुर शाश्वत, अंकित और शशांक शेखर मौजूद रहे। इसमें पोटका प्रखण्ड क्षेत्र के कुल 10 पंचायतों के लोग आए।

संविधान के महत्व,

 ज्ञात हो कि इस यात्रा के द्वारा संविधान के महत्व, इतिहास और विशेषताओं को जन-जन तक पहुंचाने का प्रयास किया जाएगा। संविधान द्वारा प्रदत्त मौलिक अधिकारों और कर्तव्यों को लेकर जागरूक करेंगे एवं पांचवीं अनुसूची और पेसा के तहत आदिवासी समुदायों को मिलने वाले विशेष अधिकारों और स्वायत्तता का बोध कराया जायेगा। 

उल्लेखनीय है कि समाज में वैज्ञानिक मानसिकता के विकास को भारतीय संविधान के मौलिक कर्तव्यों की सूची में शामिल किया गया है। 
संविधान का अनुच्छेद 51ए(एच) के अनुसार 'भारत के प्रत्येक नागरिक का यह कर्तव्य होगा कि वह वैज्ञानिक दृष्टिकोण, मानववाद और ज्ञानार्जन तथा सुधार की भावना का विकास करे'।
यात्रा का उद्देश्य

 इस यात्रा का उद्देश्य समाज में  विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने और अवैज्ञानिक मान्यताओं, अंधविश्वास, रूढ़िवादी  परंपराओं आदि से मुक्ति पाने के लिए जन-जन में चेतना जगाना है। 

पहल और सहयोग

आरंभ युवा मंच, जमशेदपुर और द टिस्को टेक्निकल प्रोबेटिशनर्स एसोसिएशन की अगुआई में निकाली जा रही इस यात्रा में सहयोगी की भूमिका में हैं-  भारतीय जन नाट्य संघ (इप्टा), सांइस फॉर सोसायटी झारखंड , गांधी शांति प्रतिष्ठान । 

 यात्रा के अंतर्गत कार्यक्रम : 

घूमंतु पुस्तकालय: इसमें हम संविधान और विज्ञान की किताबें, महान व्यक्तियों की जीवनी, बच्चों की कहानियां, कविताएं, आदिवासी इतिहास और आदिवासी नायकों के योगदान से जुड़ी पुस्तकें लेकर जा रहे हैं। बच्चों से इन पुस्तकों की सामग्री पर चर्चा भी की जा रही है।

मोबाइल सिनेमा : भारत के संविधान बनने की प्रक्रिया एवं हमारे मौलिक अधिकारों से जुड़ी फिल्मों की भी प्रदर्शनी होगी । इसके अलावा बच्चों और युवाओं में वैज्ञानिक सोच लैस करने वाली विज्ञान एवं मुद्दे आधारित फिल्मों का भी चित्रण होगा। 

पोस्टर प्रदर्शनी: इसमें हम संविधान की प्रस्तावना, मौलिक हक और कर्तव्य, पांचवीं अनुसूची और पेसा आदि से जुड़े पोस्टर लगाएंगे। इसके अलावा हम विज्ञान और वैज्ञानिक दृष्टिकोण को बढ़ावा देने के लिए पोस्टर भी प्रदर्शित किए जा रहे हैं।

संवैधानिक संवाद सत्र : इसमें भारत के संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ और उसमें निहित शब्दों और अर्थों पर बच्चों से बातचीत की जा रही है।

अपील
आयोजन समिति द्वारा संवैधानिक मूल्यों और वैज्ञानिक सोच के प्रसार के लिए चलने वाले इस महत्वपूर्ण अभियान से जुड़ने की लोगों से अपील की गई है 

संविधान यात्रा में आगे का विवरण
 

22 नवंबर’ 2022 (बुधवार )- पटमदा इंटर कॉलेज , जल्ला 

23 नवंबर’ 2022  (गुरूवार )-- अरका जैन यूनिवर्सिटी , गम्हरिया 

24 नवंबर’ 2022  (शुक्रवार )- एसआईटीइ कॉलेज (गम्हरिया ) 

25 नवंबर’ 2022  ( शनिवार ) काशी साहू कॉलेज, सरायकेला 

26 नवंबर’ 2022 ( रविवार  )  पब्लिक रैली, जमशेदपुर

खबरें और भी हैं...

Whatsapp